दिल्ली में प्रचंड गर्मी का वार, शुरू हुआ लू का प्रकोप

Severe heat wave hits Delhi, heatwave begins
Delhi Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी प्रचंड रूप दिखाने लगी है. दिन में सूरज आग उगल रहा है और गर्म हवाओं के चलते लू जैसा एहसास हो रहा है, दिन के साथ ही रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है. राजधानी में तापमान भी 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, शुष्क मौसम के चलते तापमान तेजी से ऊपर चढ़ रहा है. आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. 24 घंटे बाद दिल्ली में लू का प्रकोप भी शुरू होने वाला है, मौसम विभाग ने दो दिन के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
IMD के अनुसार आज दिल्ली में मौसम शुष्क रहने वाला है. दिनभर तेज धूप निकली रहेगी, जिससे चिलचिलाती हुई गर्मी परेशान करेगी. दिन में गर्म हवाओं के चलते तपिश का एहसास अधिक होगा. सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है, वहीं हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है, बीच-बीच में यह 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
![]()
लू का अलर्ट जारी
दिल्ली में 19 और 20 मई को लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है, इस दौरान 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं, कभी-कभी हवाओं की रफ्तार 35 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 82 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, मौसम विभाग के अनुसार अब राजधानी में अधिकांश समय पश्चिमी हवाएं चलने के आसार हैं, ये हवाएं अपने साथ राजस्थान और बलूचिस्तान की गर्मी भी साथ लेकर आएंगी, ऐसे में हवा में नमी कम होने के चलते लोगों को तपिश का एहसास काफी ज्यादा होगा.

दिल्ली में कैसा रहा मौसम
दिल्ली में रविवार को सुबह से ही तीखी धूप निकली रही. दिन में तेज धूप के साथ ही लोगों को गर्म हवाओं के थपेड़े भी झेलने पड़े. हालांकि बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी देखे को मिली, लेकिन इससे तपिश पर कोई असर नहीं पड़ा, सूरज ढलने के बाद भी मौसम गर्म ही बना रहा, बीते 24 घंटे के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, रविवार को दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रिज रहा, जहां का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी की चपेट में वाराणसी, लू की चेतावनी



