डिम्पल यादव ने शंकराचार्य से लिया आशीर्वाद, कन्नौज प्रकरण पर जताया खेद...

वाराणसी: सूर्या पैलेस में आयोजित धर्मसभा में सांसद डिम्पल यादव ने परमाराध्य शंकराचार्य का स्वागत कर उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान उन्होंने हाल के घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए सनातन धर्म और संत समाज के सम्मान को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
धर्मसभा को संबोधित करते हुए डिम्पल यादव ने कहा कि शंकराचार्य का अपमान पूरे सनातन धर्म का अपमान है.उन्होंने कहा कि देश इस पूरे घटनाक्रम को देख रहा है और सनातन परंपरा में आस्था रखने वाले सभी लोग शंकराचार्य के साथ खड़े हैं.
सांसद ने कन्नौज में प्रशासन द्वारा कथित रूप से शंकराचार्य के रात्रि विश्राम की व्यवस्था रद्द करवाए जाने की घटना पर भी दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने भी अपनी ओर से क्षमा याचना की है.
डिम्पल यादव के अनुसार, यात्रा के दौरान अखिलेश यादव का फोन आया था.उन्होंने कहा कि कन्नौज उनका संसदीय क्षेत्र है और वहां यदि शंकराचार्य के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली कोई स्थिति बनी है तो उसके लिए वे हृदय से क्षमा प्रार्थी हैं. उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते उन्हें इस मामले की जानकारी मिल जाती तो ऐसी स्थिति नहीं बनने दी जाती.
सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसका नेतृत्व हमेशा संत समाज तथा सनातन परंपराओं के सम्मान के पक्ष में रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी संतों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए पार्टी प्रतिबद्ध रहेगी.
धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे.कार्यक्रम के दौरान शंकराचार्य के स्वागत और आशीर्वाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला.



