वाराणसी में ठंडे समोसे की लड़ाई पहुंची कोर्ट, केस दर्ज करने का आदेश

वाराणसी : दुकान पर ठंडा समोसा देने का विवाद कोर्ट तक पहुंच गया. इस मामले में पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर एक पक्ष ने न्यायालय की शरण ली. पीडित के प्रार्थना पत्र पर वाराणसी न्यायालय ने दुकानदार पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है. थाने स्तर पर मामले में कोई सुनवाई न होने के बाद प्रकरण में गुहार लगाई गई थी. इसके बाद न्यायालय के आदेश पर दुकानदार समेत 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
मामला वाराणसी के जाल्हुपुर बाजार का है. वहां फरवरी महीने में शिव शंकर सिंह एक दुकान पर जलपान करने के लिए रुके थे. इसी बीच उनकी दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह से बहस हो गई. वकील का कहना है कि मैंने जब दुकानदार से कहा कि उन्हें गरम समोसा दिया जाए. इस पर गुप्तेश्वर सिंह तंज कसते हुए कहते हैं कि वह कलेक्टर है क्या, जिन्हें गरम समोसा दिया जाएगा.
ALSO READ : सारनाथ मंदिर में महिला पर्यटक के गले से सोने की चेन चोरी
इसके बाद मामला तूल पकड़ लेता है. उनके साथ मारपीट की जाती है. 5 महीने तक पुलिस थाने से लेकर कमिश्नर कार्यालय तक शिव शंकर सिंह न्याय के लिए चक्कर लगाते हैं, लेकिन न्याय नहीं मिला. मंगलवार को इस मामले में वाराणसी न्यायालय के आदेश पर चौबेपुर थाने में गुप्तेश्वर सिंह सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.



