डीएम ने की बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्यों के बाबत तैयारियों की समीक्षा, दिए निर्देश

वाराणसी : जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों की समीक्षा हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित हुई. बताया गया कि वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर लगभग 68 मीटर है. जिले में गंगा नदी का वार्निंग लेवल 70.262 मीटर है तथा डेंजर लेवल 71.262 मीटर है तथा हाई फ्लड लेवल का स्तर 73.901 मीटर है. वर्तमान में गंगा का जलस्तर 05 सेंटीमीटर प्रति घंटा से बढ़ रहा है. बैठक में जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई.

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करते हुए समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं. बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने, नावों एवं बचाव उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा राहत एवं बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखने के निर्देश दिए गए. जिलाधिकारी ने सभी बाढ़ चौकियों पर स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, राजस्व विभाग समेत अन्य स्टाफ की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने को निर्देशित किया. उन्होंने पुलिस विभाग से शिविरों में सुरक्षा की उचित व्यवस्था करने हेतु निर्देश दिए.
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत शिविरों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा भोजन, पेयजल, प्रकाश एवं चिकित्सा व्यवस्था की समुचित तैयारी रखी जाए. साथ ही, तटबंधों एवं संवेदनशील स्थलों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया. ढाब क्षेत्र में पशुओं में चारा तथा भूसा की पर्याप्त व्यवस्था एवं वितरण सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को भूसा वितरण पर नजर रखने समेत बीमारियों से बचाव हेतु टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए.
ALSO READ : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, गर्भपात की दवा खिलाने की शिकायत
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम के साथ ही उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए तथा जनसामान्य को समय से आवश्यक जानकारी एवं सावधानियों के बारे में अवगत कराया जाए. उन्होंने ऐसे सभी स्थलों को चिन्हित करने को निर्देशित किया जहां विगत वर्षों में कोई दुर्घटना हुई है, वहां सुरक्षा के पर्याप्त व्यवस्था के साथ गश्त करने हेतु निर्देशित किया. बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा0) सदानंद गुप्ता ने बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्यों को लेकर की गई तैयारियों के विषय में जिलाधिकारी को अवगत कराया. उक्त अवसर पर एसडीएम सदर नितिन सिंह, कमांडेंट एनडीआरएफ, जल पुलिस समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, पार्षदगण उपस्थित रहे.



