हत्या की धमकी देकर डाक्टर दंपती से मांगी आठ लाख रंगदारी, आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी : हत्या की धमकी देकर एक डॉक्टर दंपती से 8 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. मामला संज्ञान में आने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह घटना सारनाथ इलाके की है. पहड़िया निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कल्याण नाम से क्लीनिक है, जिसका संचालन उनके बेटे डॉ. दीपक मिश्रा और बहू डॉ. श्वेता मिश्रा करते हैं. उन्होंने पहड़िया पेट्रोल टंकी के सामने एक जमीन खरीदी है. इस जमीन के पास रहने वाला कबाड़ व्यवसायी सुभाष कुमार अग्रहरी उनसे 8 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था. पैसे न मिलने पर उसने बेटे, बहू और पोते की हत्या की धमकी दी.
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने 3 अगस्त को उनके बेटे के मोबाइल पर एक वॉयस मैसेज भेजा था. इसमें उसने गंदी गालियां देते हुए 8 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी. आरोपी ने यह भी धमकी दी थी कि यदि वे अपनी जमीन पर जाएंगे, तो उन्हें मौत का सामना करना पड़ेगा. पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने दीपावली पर पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दी थी. इस धमकी के बाद डॉक्टर दंपत्ति का परिवार दहशत में था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
ALSO READ : वाराणसी में गड्ढा मुक्त सड़क का दावा खोखला, व्यस्त मार्ग पर पलट रहे वाहन
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी सुभाष कुमार अग्रहरी को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए सुभाष कुमार अग्रहरी, पुत्र हजारी प्रसाद, निवासी सत्यम नगर कॉलोनी, सारनाथ, वाराणसी को न्यायालय में पेश किया गया. न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी के साथ सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार शुक्ला और कांस्टेबल पुरुषोत्तम मिश्रा शामिल थे.



