बनारस स्टेशन पर पेयजल व्यवस्था का डीआरएम ने किया औचक निरीक्षण

वाराणसी: रेल यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने सोमवार को बनारस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया, उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध पेयजल की गुणवत्ता, टंकियों की स्वच्छता और जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पेयजल के नमूनों की Coliform Kit से जांच कराई, इसमें क्लोरीन की मात्रा के साथ E. coli और Coliform बैक्टीरिया की मौजूदगी की जांच की गई, उन्होंने अधिकारियों से पेयजल की नियमित जांच, निर्धारित मानकों के अनुरूप क्लोरीनेशन और जांच रिपोर्ट के रखरखाव की जानकारी ली.

डीआरएम ने स्टेशन परिसर में स्थित पेयजल टंकियों का भी निरीक्षण किया, उन्होंने टंकियों की अंदरूनी-बाहरी सफाई, ढक्कन की स्थिति, आसपास की स्वच्छता और जलापूर्ति उपकरणों के रखरखाव को देखा, अधिकारियों को टंकियों की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार नियमित सफाई और डिसइंफेक्शन कराने के निर्देश दिए.
आशीष जैन ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल यात्रियों की मूलभूत आवश्यकता है, उन्होंने सभी पेयजल स्रोतों और टंकियों की नियमित निगरानी तथा गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही ‘यूनिफॉर्म ड्रिंकिंग वॉटर क्वालिटी प्रोटोकॉल’ के तहत निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा.
ALSO READ : चंदासी कोल मार्केट में लायंस क्लब डायमंड का भंडारा, हजारों ने ग्रहण किया प्रसाद
निरीक्षण के दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक और सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.



