वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में सेवानिवृत्त 8 पुलिसकर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई

वाराणसी : पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में मंगलवार को सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने चार उप निरीक्षकों सहित आठ कर्मचारियों को उनके लंबे, उत्कृष्ट और समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी।
सम्मानित होने वालों में उप निरीक्षक जंग बहादुर यादव (ज्ञानवापी सुरक्षा), महेन्द्र कुमार सिंह (पुलिस लाइन), अशोक कुमार सिंह (न्यायालय सुरक्षा), शशि कुमार कुँवर (अभिसूचना शाखा), मुख्य आरक्षी प्रद्युम्न प्रसाद (अभिसूचना शाखा), मुख्य आरक्षी सुमन कुमार सिंह (न्यायालय सुरक्षा), स्वीपर सीता देवी (पुलिस लाइन) तथा अर्दली प्यून उमेश चन्द्र पाण्डेय (पुलिस लाइन) शामिल रहे।
ALSO READ : वाराणसी के अभिषेक राय ने 49वीं उत्तर प्रदेश राज्य निशानेबाजी में डबल ट्रैप में कांस्य पदक जीता...
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिचय दिया है। उनका योगदान विभाग के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा और उनकी सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा।
समारोह के दौरान सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह और फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी गई |



