वाराणसी में बारिश से मकान का छज्जा गिरा, बुजुर्ग महिला की मौत

वाराणसी : कपसेठी थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में बुधवार को भारी बारिश के दौरान पुराने मकान का छज्जा गिरने से बडा हादसा हो गया. छज्जे के नीचे सो रही 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी. वहीं हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया.
पुलिस के अनुसार, बेलवा गांव निवासी इमरता देवी (74), पत्नी स्व. सिंगार चौहान, रोज की तरह घर के बाहर छज्जे के नीचे सो रही थीं. भोर में तेज बारिश के बीच अचानक जर्जर छज्जा भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही कपसेठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ALSO READ : वाराणसी में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, जगह-जगह जलभराव ने बढ़ाई दुश्वारी
इस घटना ने स्थानीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ा दी है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अक्सर होती हैं, और इसके पीछे निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और भवनों की देखभाल की कमी जिम्मेदार होती है. स्थानीय प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके. मृतका के परिवार में उनके पति का निधन पहले ही हो चुका था, और अब उनके जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.



