वाराणसी में बिजली विभाग का जेई 22 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई...

वाराणसी : अस्थायी कनेक्शन जारी करने के लिए 22 हजार रुपये रिश्वत लेते बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. पीडित की शिकायत पर वाराणसी मंडल की एंटी करप्शन थाने की टीम ने यह कार्रवाई की. आरोपी जेई को कैंट थाने में दाखिल किया गया है. आगे की कार्रवाई थाने की पुलिस कर रही है.इस कार्रवाई की जानकारी मिलते बिजली विभाग में खलबली मची हुई है. विभागीय लोग घटना की जानकारी करते देखे गए.

जानकारी के अनुसार टकटकपुर निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव ने एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने मंशानगर कॉलोनी स्थित अपने नए मकान के निर्माण के लिए अस्थायी विद्युत कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था. आरोप है कि विद्युत उपखंड 33/11 केवी पंचम खंड पांडेयपुर में तैनात जेई सुखदेव स्वरूप रस्तोगी ने कनेक्शन जारी करने के एवज में 22 हजार रुपये रिश्वत की मांग की.
ALSO READ : जमीन दिलाने के नाम पर 60 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी...
शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने निरीक्षक उमाशंकर यादव के नेतृत्व में जाल बिछाया. शुक्रवार को मंशानगर कॉलोनी में शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते समय आरोपी जेई को टीम ने मौके पर ही दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद हुई. कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथ धुलवाए गए, जिसमें रासायनिक परीक्षण में घोल का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखदेव स्वरूप रस्तोगी पुत्र स्व. राजेंद्र प्रसाद रस्तोगी के रूप में हुई है. वह वर्तमान में 33/11 केवी उपकेंद्र पांडेयपुर, वाराणसी में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत है. उसके खिलाफ थाना कैंट में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है.



