J&K के किश्तवाड़ में मुठभेड़, सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी जारी

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जमकर मुठभेड़ हो गई. जहां छिपे हुए आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण गोलीबारी जारी है. जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकवादियों का सफाया करने के लिए सेना के जवानों द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. जिसमें कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. बता दें, ऑपरेशन त्राशी बीते रविवार को छातरू बेल्ट में मंडराल-सिंहपोरा के पास सोनार गांव में शुरू किया गया था, इसी अभियान के दौरान ताबड़तोड़ गोलीबारी होनी शुरू हो गई थी. इस मुठभेड़ में एक पैराट्रूपर बलिदान हो गया और सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें इलाज के लिए पास के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

आतंकियों के ठिकाने हुए ध्वस्त
मुठभेड़ के दौरान आतंकी खुद को बचाने के चलते मौके से फरार हो गए. लेकिन, उनके द्वारा बनाए गए उन ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया, जिसमें उन्होंने अपने खाने-पीने से लेकर गुजर-बसर करने के कुछ सामान रखे थे. जिसे पल भर में तबाह कर दिया गया. हालांकि, अब छिपे हुए आतंकियों के साथ सुरक्षाबलों की फिर से मुठभेड़ शुरू हो गई है. क्योंकि, अखनूर के समाह क्षेत्र में 3-4 संदिग्धों को देखे जाने के दावे के बाद से तलाशी अभियान में तेजी लाई गई है. जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

आतंकवादियों के मुठभेड़ में फंसे होने की आशंका
अधिकारियों ने बताया कि आज सिंहपोरा के घने जंगलों में छिपे हुए आतंकवादियों से फिर से सामना हुआ है, जहां सैनिकों और आतंकियों के बीच हुई गोलीबारी के दौरान इलाके की घेराबंदी करते हुए आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है. इतना ही नहीं, उन्होंने ये भी बताया कि पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़े दो से तीन आतंकवादियों के मुठभेड़ में फंसे होने की आशंका जताई है.



