वाराणसी में संदिग्ध परिस्थितियों में राजेन्द्र टोयटा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की मौत, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी : मंडुवाडीह स्थित विराट एमएस अपार्टमेंट में शुक्रवार देर रात राजेन्द्र टोयटा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विमल शाह की अचानक तबीयत बिगड़ गई. अपार्टमेंट के लोगों ने उन्हें आनन फानन महमूरगंज स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल में भर्ती कराया जहा उनकी इलाज के दौरान शनिवार सुबह मौत हो गई. मौत की जानकारी मिलते ही उनके जानने वालों में हडकंप मच गया. बताया जा रहा है कि वह राजेन्द्र टोयटा शाहवाबाद मोहनसराय में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सेल्स हेड के पद पर कार्यरत थे. विराट एमएस मंडुवाडीह में विमल शाह अपनी पत्नी रितु शाह के साथ लगभग 10 वर्षों से रह रहे थे.
जानकारी के अनुसार देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. उनकी पत्नी आसपास के लोगों को जानकारी दी. अपार्टमेंट में मौजूद लोगों ने जब उनकी हालत बिगड़ते देखी तो आनन-फानन में उन्हें महमूरगंज स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई. मौत की सूचना मिलते ही कंपनी के कई अधिकारी और कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए.
ALSO READ : बीएचयू के एमआरआई-सीटी टेंडर मामले में लोकपाल का नोटिस, 14 अक्टूबर को प्रशासन रखेगा पक्ष
वहीं, अपार्टमेंट के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना के बाद पहुंची सिगरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की. थाना प्रभारी सिगरा शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध लग रहा है. कहा जा रहा है कि कुछ खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी. हालांकि मौत के असल कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी. मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि कहीं यह आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है.



