पारिवारिक कलह - पत्नी रह रही थी मायके, पति ने फांसी लगाकर दी जान

वाराणसी : जिले के जंसा थाना क्षेत्र के अमरीपुर गांव में शुक्रवार को पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी. मृत युवक की पहचान संदीप प्रजापति के रूप में हुई. घटना से परिवार में कोहराम मच गया. युवक पिछले कुछ समय से घरेलू विवादों को लेकर मानसिक तनाव में था. ग्रामीणों के मुताबिक सुबह संदीप प्रजापति के काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर घरवालों ने दरवाजा खटखटाया. कोई जवाब न मिलने पर अनहोनी के अंदेशा में परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो युवक का शव फंदे से लटका देख घरवाले स्तब्ध रह गए.
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस मामले में थाना अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की वजह पारिवारिक कलह सामने आ रही है. मृतक की पत्नी रीता कई महीने से एक बेटा और एक बेटी को लेकर अपने मायके में रह रही थी. मामले की जांच की जा रही है. परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
चिरईगांव में छह लोगों ने बंदर ने काटा
चिरईगांव विकास खंड के ग्राम पंचायत सुल्तानपुर में बंदरों के काटने से छह लोग बुरी तरह जख्मी हो गए. प्रधान सोनी सिंह ने बताया कि गांव के कल्लू गुप्ता, वंशिका गुप्ता, इंद्रू देवी, शबनम सिंह, गौरी राजभर अपने दरवाजे पर थे. इसी बीच मकान के ऊपर से गुजर रहे बंदरों ने उन पर हमला बोल दिया. सभी को चिरईगांव पीएचसी पर लाया गया, वहां उन लोगों को एंटी रेबीज की वैक्सीन लगाई गई. पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज वर्मा ने बताया कि सभी की हालत सामान्य है. ग्रामीणों ने बताया कि कहीं से पकड़ कर बंदरों को ब्लॉक के पास छोड़ दिया गया है. सही जगह नहीं मिलने से इन दिनों पीएचसी व ब्लॉक कार्यालय के छतों के अलावा अगल बगल के दर्जन भर गांवों में घूमकर छतों पर डेरा डाल दिया है. ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है.
ALSO READ : वाराणसी में 3 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, पूरा माल बरामद



