सेना के जवान की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज, पावर हाउस कर्मियों पर लापरवाही का आरोप

वाराणसी : चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना गांव में करंट से सेना के जवान सुनील कुमार यादव (28) की मौत मामले में पत्नी की तहरीर पर पावर हाउस कर्मचारियों पर बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई. प्रीति यादव ने कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है. धरसौना गांव निवासी सुनील कुमार यादव जाट रेजीमेंट सेंटर, बरेली में तैनात थे. एक से पंद्रह अगस्त तक छुट्टी पर घर आए थे. छह अगस्त की रात बारिश और तेज हवा के कारण उनके घर के बिजली का केबल टूट कर लटक गया था. प्रीति के अनुसार, सुनील ने केबल ठीक कराने के लिए पावर हाउस पर सूचना दी थी. आरोप है कि सूचना देने के बावजूद बिजली निगम का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा. रात करीब आठ बजे सुनील शौच जा रहे थे. इसी दौरान वह लटकते बिजली के तार की चपेट में आ गए.
सेना के जवान सुनील को करंट लग गया. परिजन सुनील को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर ले गए. वहां से चिकित्सकों ने उन्हें पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन मिलिट्री हॉस्पिटल वाराणसी ले गए, वहां चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम थाना कैंट पुलिस ने कराया. प्रीति यादव ने पुलिस अधिकारियों से जांच की मांग की है. थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि पत्नी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
ALSO READ : स्वर्णकार समाज ने पांच सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन,घेराव की चेतावनी
तेरहवीं में बिजली का काम करते समय मिस्त्री की करंट से मौत
उधर, लोहता थाना क्षेत्र के कोरौत सरवनपुर गांव में बुधवार को करंट लगने से बिजली मिस्त्री अशोक यादव (34) की मौत हो गई. पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. कोरौत गांव में मनोज यादव के यहां तेरहवीं कार्यक्रम था. कार्यक्रम में लाइट की व्यवस्था अशोक यादव के जिम्मे थी. दोपहर में अशोक बिजली की व्यवस्था में लगा था कि अचानक करंट की जद में आ गया. झुलसे अशोक यादव को लोगों ने तुरंत एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना मिलते ही गांव समेत परिजनों में कोहराम मच गया. पिता लालचंद यादव बेसुध हो गए. अशोक की पत्नी ममता का रो-रोकर बुरा हाल है. थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि अशोक अपने परिवार का एकमात्र सहारा था. जांच की जा रही है.



