बाबा विश्वनाथ दरबार में सुगम दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से वसूली करने वाले पांच और गिरफ्तार

वाराणसी : श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं से सुगम दर्शन के नाम पर वसूली और दुर्व्यवहार कर रहे पांच आरोपियों को चौक पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. सभी की गिरफ्तारी काशी विश्वनाथ मंदिर गेट नंबर चार के पास से की गई.
आरोपित दर्शनार्थियों से रुपये लेकर स्पर्श दर्शन के नाम पर विवाद कर रहे थे. सीसीटीवी में विवाद की स्थिति को भांप पुलिस समझाने पहुंची तो सभी को गिरफ्तार कर लिया.
विवाद से संबंधित एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. बता दें कि गांडीव डिजिटल की टीम ने सुगम और वीआईपी दर्शन कराने के नाम पर वसूली करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया था, जिसका असर देखने को मिला.
सहायक पुलिस उपायुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी कर रही है. पुलिस के इसी प्रयास के कारण पहले भी कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है. बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आरा बिहार के पिपरपाती थाना कृष्णानगर देवरिया निवासी लालबाबू पांडेय, लहरतारा नईबस्ती थाना मडुववाडीह का आशीष पांडेय, सूजाबाद नई बस्ती पड़ाव थाना रामनगर का दिलीप पांडेय, भरत कालोनी मड़ई थाना राझी जनपद जबलपुर का यश दुबे, हाबीभुआर थाना बेहरा जनपद दरभंगा बिहार का सुशील कुमार दास है.
ALSO READ:BHU में रक्तदान शिविर, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
बताया कि आरोपी के पुलिस के सामने ही श्रद्धालुओं से उलझने लगे. ऐसे में मौके पर शांति व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका में भी अतिरिक्त धारा लगाई गई है. पहले भी चौक और दशाश्वमेध पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाया था. पुलिस टीम में इंस्पेक्टर चौक दिलीप मिश्रा, दारोगा उमेश चंद्र विश्वकर्मा, कांस्टेबल राहुल कुमार, विवेक शुक्ला, सुनील कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे.



