वाराणसी में नीलगाय से टकराया चार पहिया वाहन, चालक की हुई मौत

वाराणसी : जिले के चौबेपुर क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के समीप मंगलवार को दर्दनाक हादसा सामने आया. वाराणसी - गोरखपुर हाईवे पर चार पहिया एक वाहन नीलगाय से टकरा गया. हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी नरपतपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर लगते ही चालक के परिवार में मातम पसर गया.
मंगलवार को भोर पीआरवी को हाईवे पर चार पहिया वाहन के नीलगाय से टकराने की सूचना मिली. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी नरपतपुर भेजा. मृतक की पहचान अशोक कुमार (45) के रूप में हुई. वह दीनापुर चिरईगांव का निवासी था. चार पहिया क्रूजर का चालक बताया गया है. प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी नरपतपुर ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
ALSO READ: सराहनीय : लंबे समय से लापता नाबालिग बच्चियों को खोज निकालने वाली महिला दरोगा सम्मानित
अनियंत्रित टैंकर ने कई वाहनों में मारी टक्कर
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर (बांग्लाचट्टी) स्थित नेशनल हाईवे के वनवे मार्ग पर प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे इंडियन गैस टैंकर ने कांवड़ियों की कार, छुट्टी पर जा रहे दरोगा की कार और ‘विधायक’ लिखी स्कॉर्पियो समेत तीन वाहनों में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में सभी लोग बाल-बाल बच गए. दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बांग्लाचट्टी के पास पहुंचते ही टैंकर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. टैंकर ने सबसे पहले कांवड़ियों से भरी कार को टक्कर मारी. इसके बाद छुट्टी लेकर प्रयागराज जा रहे दरोगा लवकुश सोनकर की कार और फिर महाराष्ट्र के नासिक दर्शन के लिए जा रही ‘विधायक’ लिखी स्कॉर्पियो को भी चपेट में ले लिया. कांवड़ियों की कार में मध्य प्रदेश के रीवा निवासी शिवम सोनी, सुरेंद्र सोनी, लवली गुप्ता, दिनेश सोनी और चित्रकूट निवासी मोहित सोनी सवार थे. सभी सुरक्षित हैं. थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया गया.



