लोहता में बुनकरों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर शुरू, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे परामर्श...

वाराणसी: बुनकर समुदाय को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोहता में पांच दिवसीय निःशुल्क बुनकर स्वास्थ्य जांच शिविर शुरू हुआ। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज (CII) और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (IMS-BHU) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शिविर 16 से 20 सितंबर 2026 तक चलेगा।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, AIIMS नई दिल्ली के पूर्व निदेशक प्रो. डॉ. रणदीप गुलेरिया, CII की उप महानिदेशक अमिता सरकार, वाराणसी के जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह और IMS-BHU के निदेशक प्रो. डॉ. एस.एन. शंखवार सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।
कई विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर कर रहे जांच
शिविर में बुनकर समुदाय के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। IMS-BHU के जनरल मेडिसिन, ईएनटी, नेत्र रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, सामुदायिक चिकित्सा, रेस्पिरेटरी मेडिसिन और ऑर्थोपेडिक्स विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दे रहे हैं।
इसके अलावा फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंसेज के चिकित्सकों की टीम भी शिविर में पहुंचकर लोगों को दंत स्वास्थ्य संबंधी जांच और सेवाएं उपलब्ध करा रही है। पीजी विद्यार्थियों और इंटर्न्स की टीम भी स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग कर रही है।
शिविर में नेत्र रोग विभाग के डॉ. दीपक मिश्रा, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की डॉ. ममता, सामुदायिक चिकित्सा विभाग के डॉ. अभिषेक जायसवाल और डॉ. रवि पाटीदार, ऑर्थोपेडिक्स विभाग के डॉ. आलोक राय और डॉ. रतनदीप दास सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। वहीं फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंसेज से डॉ. राजेश बंसल और उनकी टीम दंत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है।
रोगों की जांच के साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर
शिविर में बुनकर समुदाय की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रोगों की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, नेत्र एवं दंत स्वास्थ्य सेवाओं के साथ स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। लोगों को रोगों की समय पर पहचान, बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
ALSO READ :महिला महाविद्यालय में ‘दीक्षारंभ’ के दूसरे दिन नवप्रवेशी छात्राओं को मिली विषय और सुविधाओं की जानकारी...
आयोजकों के अनुसार, CII और IMS-BHU की यह संयुक्त पहल बुनकर समुदाय तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। शिविर के माध्यम से समुदाय के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञताओं से जुड़ी सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में प्रो. एस.पी. मिश्रा, डॉ. अभिषेक जायसवाल (आउटरीच सेल टीम) और CII की सुश्री रोचना मित्रा सहित संबंधित टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



