गंगा में नहीं थम रहे हादसे, स्नान कर रहे युवक की डूबने से मौत

Accidents continue in the Ganges; a young man drowned while bathing.
वाराणसी: गंगा में हादसे थम नहीं रहे हैं. इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित कैथी के प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव मंदिर के कुटी घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई. हादसे की खबर लगते ही युवक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं स्थानीय लोगों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. मृत युवक की पहचान गणपत प्रजापति (35) पुत्र स्वर्गीय तिलकू प्रजापति निवासी जहानपुर सैदपुर भीतरी गाजीपुर के रूप में हुई है.

कैथी चौकी प्रभारी पवन राय मौके पर पहुंचे
बताया गया कि गणपत अपने दो दोस्तों सतीश प्रजापति और चंदन प्रजापति के साथ सुबह करीब पांच बजे मार्कण्डेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे. पूजा के बाद तीनों गंगा स्नान करने कुटी घाट पर गए. इसी दौरान स्नान करते समय गणपत का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए. साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.
घटना की सूचना मिलते ही कैथी चौकी प्रभारी पवन राय मौके पर पहुंचे.
गोताखोरों की मदद से चला रेस्क्यू अभियान
स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक का शव गंगा से बाहर निकाला गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. गणपत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे. परिवार में पत्नी रेखा प्रजापति, पुत्र सत्यम और पांच वर्षीय पुत्री शिवांगी हैं. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है.

यह भी पढ़ें: पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, वरुणा जोन में 240 पुलिसकर्मी इधर से उधर
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन से चार महीनों में कुटी घाट पर डूबने से सात से आठ लोगों की मौत हो चुकी है. प्रतिदिन यहां सैकड़ों श्रद्धालु स्नान और दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. ग्रामीणों ने बताया कि घाट पर एक सीमा तक पानी कम गहरा रहता है, लेकिन उसके आगे अचानक 25 से 30 फीट गहराई हो जाती है, जिससे लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं. लोगों ने घाट पर चेतावनी बोर्ड, स्थायी गोताखोर और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है.



