गंगा नदी में चल रही नाव में लगी आग, बड़ा हादसा टला

वाराणसी: दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में पांडेयघाट के सामने गंगा के बीच बीते मंगलवार की शाम उस समय हडकंप मच गया, जब संचालन के दौरान एक नाव में अचानक आग लग गई. गनीमत यह रही कि नाव में उस समय कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया. पुलिस के अनुसार, संचालन के दौरान नाव का ईंधन खत्म हो गया, जिससे वह बीच धारा में रुक गई. नाविक ने इंजन की टंकी में डीजल डालने का प्रयास किया. इंजन पहले से गर्म होने के कारण डीजल के डब्बे में आग लग गई. नाविक ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए जलते डब्बे को गंगा में फेंक दिया.

कुछ ही देर में आग पर काबू
आग लगते ही आसपास मौजूद अन्य नाविकों ने तत्परता दिखाई और मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया. कुछ ही मिनटों में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. किसी भी प्रकार के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. एसीपी दशाश्वमेध डॉक्टर अतुल अंजान त्रिपाठी के अनुसार, “ईंधन समाप्त होने के कारण इंजन में तेल डालते समय डब्बे में आग लगी. चालक ने सावधानीपूर्वक डब्बे को गंगा में फेंक दिया. सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है.”

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
घटना के बाद गंगा में नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों और सतर्कता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई. बता दें कि पिछले दिनों गंगा में दो नावों के टकराने से छोटी नाव डूब गइ्र. हालांकि उस पर सवार लोग बचा लिए गए थे.



