सिगरा स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ...

वाराणसी। डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा में रविवार को खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश तैराकी संघ के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष/महिला तैराकी प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे तैराकों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी वाराणसी महानगर के अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर माहौल और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने प्रतिभागी तैराकों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
ALSO READ:वाराणसी कमिश्नरेट में कई चौकी प्रभारियों के तबादले, काशी जोन में 11 उपनिरीक्षकों का फेरबदल
प्रतियोगिता की विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं के समापन के बाद मुख्य अतिथि प्रदीप अग्रहरि ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में चंद्रशेखर उपाध्याय, प्रमील पाण्डेय, अमित खरे और हीरा यादव समेत खेल विभाग एवं उत्तर प्रदेश तैराकी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी भी स्टेडियम पहुंचे।



