बीएचयू में ब्रॉड पीक अभियान के शहीद पर्वतारोहियों को भावभीनी श्रद्धांजलि

वाराणसी: ब्रॉड पीक अभियान के दौरान शहीद हुए पर्वतारोहियों की स्मृति में बुधवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के विश्वविद्यालय पर्वतारोहण केंद्र में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पर्वतारोहियों, प्रशिक्षकों, छात्र-छात्राओं और केंद्र के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर, पुष्प अर्पित कर तथा दीप और मोमबत्तियाँ जलाकर दिवंगत पर्वतारोहियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दिवंगत पर्वतारोहियों के अदम्य साहस, समर्पण, पर्वतों के प्रति उनके प्रेम और प्रेरणादायी जीवन को याद करते हुए उन्हें नमन किया। सभी ने उनके बलिदान को पर्वतारोहण जगत के लिए अमूल्य बताया।

विश्वविद्यालय पर्वतारोहण केंद्र के प्रभारी प्रो. अनिल कुमार सिंह ने कहा कि ब्रॉड पीक पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले पर्वतारोही हमेशा पर्वतारोहण जगत के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनका साहस, अनुशासन और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
ALSO READ : शहर के दो लाख परिवारों को मुफ्त मिलेंगे चार लाख डस्टबिन, करेंगे जागरूक, होगी सहूलियत
श्रद्धांजलि सभा के अंत में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई तथा उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई।



