अवैध संबंध के शक में पति ने ही की थी पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी - चोलापुर में अवैध संबंध के शक में एक पति ने ही अपनी पत्नी की बेहद निर्मम तरीके से हत्या कर दी थी. पहले मफलर से गला घोंटकर जान ली, फिर पहचान छुपाने के लिए सिर और चेहरे को ईंट से बुरी तरह कुचल दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को घर से करीब 25 किलोमीटर दूर चोलापुर थाना क्षेत्र के कैथोर गांव स्थित एक बगीचे में ले गया और सूखे बाजरे के ढेर में छुपा दिया था. रविवार की सुबह शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने सोमवार की सुबह चोलापुर के महमूदपुर मोड के पास से आरोपी पति प्रदीप मिश्रा उर्फ गुड्डू मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मफलर, खून से सनी ईंट, मोबाइल फोन और आटो बरामद किया है.

पुलिस के मुताबिक, चौबेपुर थानांतर्गत सोनबरसा गांव निवासी 46 वर्षीय प्रदीप मिश्रा ऑटो चालक है. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2017 में लक्ष्मी (26) से हुई थी. उसे पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था. पत्नी अक्सर मोबाइल पर किसी से बात करती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था. शुक्रवार को फोन पर ही पति-पत्नी में झगड़ा हुआ, जिसके बाद प्रदीप ने हत्या की साजिश रच डाली.
शाम को वह पत्नी को अपनी बहन की ससुराल चंदवक के अहिरौली गांव ले गया, जहां रात में खाना खाने के बाद पत्नी से झगडा हुआ तो किसी तरह शांत कर उसे आटो से चाय पिलाने ले गया और रास्ते में उसका काम तमाम कर दिया. इसके बाद शव को कैथोर गांव के एक बगीचे में ले जाकर ईंट से सिर और चेहरे को कुचल दिया, ताकि पहचान न हो सके. फिर शव को पेड़ के पास पड़े सूखे बाजरे के ढेर में छुपाकर घर लौट आया.
ALSO READ :काशी विद्यापीठ से संबद्ध 91 कॉलेजों ने नहीं दिया कोर्स और छात्र संख्या का आंकड़ा, लटक सकता है रिजल्ट
टैटू से हुई पहचान
रविवार सुबह बगीचे में बाजरा उठाने पहुंचे सोनू यादव नामक मूक-बधिर युवक को बाजरे के ढेर में खून से सनी महिला की लाश दिखी. वह घबरा गया और दौड़ते हुए गांव पहुंचा. इशारों से ग्रामीणों को पूरी बात समझाई और कुछ लोगों को मौके पर ले गया. सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन चेहरा बुरी तरह कुचले होने के कारण शव की पहचान नहीं हो पा रही थी. जांच के दौरान महिला के हाथ पर बने टैटू से पुलिस को अहम सुराग मिला. एक हाथ पर दिल के पास ‘PL’ और दूसरे हाथ पर ‘GP’ लिखा था. इसी आधार पर पुलिस सोनबरसा गांव पहुंची और प्रदीप मिश्रा की पत्नी के रूप में शिनाख्त हुई. आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में ही अपना जुर्म कबूल कर लिया.



