कचहरी क्षेत्र की रामलीला में रावण के साथ जलेगा देशघाती कॉकरोच का पुतला
वाराणसी। विजयादशमी पर इस बार कचहरी क्षेत्र की प्राचीन रामलीला में रावण दहन के साथ देशघाती कॉकरोच के पुतले का भी दहन किया जाएगा। अर्दली बाजार स्थित बड़े महावीर जी मंदिर चौराहे पर 20 अक्टूबर को होने वाले दशहरा आयोजन में रामलीला समिति ने यह निर्णय लिया है।
श्री रामलीला समिति, कचहरी क्षेत्र की ओर से जारी सूचना के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी विजयादशमी पर रावण दहन का भव्य आयोजन होगा। इसके साथ ही राष्ट्रहित और सर्वधर्म समभाव का संदेश देते हुए देशघाती कॉकरोच के पुतले का दहन किया जाएगा।
वर्ष 1967 में स्थापित रामलीला समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय और महामंत्री विपुल कुमार पाठक ने कहा कि देश की राष्ट्रवादी सोच, संवैधानिक संस्थाओं और सनातन धर्म को अपमानित करने वाली गतिविधियों का विरोध जरूरी है। उनका आरोप है कि कुछ असामाजिक और अराजक तत्व देश में वैमनस्य फैलाने तथा समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं।
ALSO READ : रामनगर रामलीला से बाइक चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिल बरामद...
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि देशविरोधी गतिविधियों और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली साजिशों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। रावण दहन के साथ कॉकरोच के पुतले का दहन कर यह संदेश दिया जाएगा कि देश की एकता, अखंडता और सनातन परंपराओं के खिलाफ किसी भी साजिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।



