वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में IPS मानसी दहिया को भावभीनी विदाई...

वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी में शुक्रवार को 77वें आरआर (2023) बैच की परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी मानसी दहिया को जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण अवधि पूर्ण होने पर भावभीनी विदाई दी गई. इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कैंप कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उन्हें सम्मानित किया.
पुलिस आयुक्त ने मानसी दहिया के उत्कृष्ट सेवाकाल, अनुशासित कार्यशैली, प्रभावी नेतृत्व क्षमता तथा अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की. उन्होंने स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सेवाकाल की शुभकामनाएं दीं.
प्रशिक्षण अवधि के दौरान मानसी दहिया ने कमिश्नरेट की विभिन्न इकाइयों और शाखाओं में कार्य करते हुए पुलिसिंग के विविध आयामों का अनुभव प्राप्त किया. उन्हें थाना चोलापुर का स्वतंत्र प्रभार 12 सप्ताह के लिए सौंपा गया था, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा सुनिश्चित करने और थाना प्रशासन के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया.

उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र में पुलिस कार्यों का सुव्यवस्थित संचालन हुआ तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद और विश्वास कायम करने की दिशा में सराहनीय प्रयास किए गए.
ALSO READ:युवक ने खुद को किया आग के हवाले, प्रेमिका से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
उन्होंने जनसुनवाई, शिकायतों के त्वरित निस्तारण, महिला एवं पीड़ितों से जुड़े मामलों की संवेदनशील सुनवाई तथा प्रशासनिक कार्यों में भी दक्षता का परिचय दिया.
विदाई समारोह में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू समेत कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.



