जनगणना–2027 के लिए दो चरणों में बनी रूपरेखा, मंडलीय समीक्षा बैठक में दी जानकारी

वाराणसी : देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना–2027 की तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं. कमिश्नरी सभागार में वाराणसी मंडल की जनगणना–2027 तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी एवं निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश, शीतल वर्मा (आईएएस) ने की.बैठक में मंडलायुक्त वाराणसी तथा मंडल के चारों जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे.
शीतल वर्मा ने बताया कि जनगणना–2027 देश की 16वीं जनगणना और स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना होगी, जो गांव, शहर एवं वार्ड स्तर पर प्राथमिक आंकड़ों का सबसे बड़ा और विश्वसनीय स्रोत मानी जाती है. उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीति निर्माण का मजबूत आधार बनेंगे.
दो चरणों में होगी जनगणना
जनगणना–2027 का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा.
- प्रथम चरण: मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य पूरे उत्तर प्रदेश में एक साथ 22 मई से 20 जून 2026 तक कराया जाएगा.
- द्वितीय चरण: जनसंख्या गणना का कार्य पूरे देश में फरवरी 2027 में संपन्न होगा.
डिजिटल माध्यम से होगी पूरी प्रक्रिया
इस बार जनगणना का संचालन पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा.पहली बार नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प दिया गया है. इसके अंतर्गत 7 मई से 21 मई 2026 तक नागरिक सेल्फ एन्युमरेशन पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन प्रश्नावली भरकर स्वयं अपनी जनगणना कर सकेंगे.

संपूर्ण कवरेज सुनिश्चित करने के लिए जीआईएस आधारित मानचित्रों और डिजिटल ऐप्स के माध्यम से सभी नगर निकायों एवं ग्रामों के गणना ब्लॉक तैयार किए जाएंगे.
33 प्रकार की जानकारियों का होगा संग्रह
मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणक द्वारा भवन के उपयोग, निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, कमरों की संख्या, स्वामित्व की स्थिति, शौचालय की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्रोत, खाना पकाने में प्रयुक्त ईंधन, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन, परिवार द्वारा उपभोग किए जाने वाले मुख्य अनाज, फोन, वाहन, टेलीविजन एवं इंटरनेट सुविधा सहित कुल 33 प्रकार की सूचनाओं का संग्रह किया जाएगा.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारियाँ पूर्णतः गोपनीय रहेंगी.
हजारों कार्मिकों की लगेगी ड्यूटी
जनगणना–2027 के सफल संचालन के लिए बड़ी संख्या में कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। अनुमान के अनुसार—
- वाराणसी: लगभग 10 हजार
- जौनपुर: 11 हजार
- गाजीपुर: लगभग 9 हजार
- चंदौली: लगभग 5 हजार
- कार्मिकों को 15 फरवरी से चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जाएगा.
ALSO READ : वाराणसी में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने वरुणा नदी में की सफाई
मंडलायुक्त ने दिए निर्देश
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने प्रशिक्षण की महत्ता को रेखांकित करते हुए सभी जिलाधिकारियों को प्रभावी प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने और उपयुक्त प्रशिक्षकों के चयन के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ समय रहते पूरी कर ली जाएँ.
बैठक का समन्वय डॉ. एस.एस. शर्मा, संयुक्त निदेशक (जनगणना), भारत सरकार द्वारा किया गया.बैठक में चारों जिलों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त वाराणसी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.



