Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

‘जॉय ऑफ फ्रीडम’ प्रदर्शनी में तस्वीरों में दिखे आजादी के विविध रंग

‘जॉय ऑफ फ्रीडम’ प्रदर्शनी में तस्वीरों में दिखे आजादी के विविध रंग
Aug 24, 2026, 01:19 PM
|
Posted By Niharika dwivedi

वाराणसी. आजादी की भावना और उसके विविध आयामों को तस्वीरों के जरिए अभिव्यक्त करते हुए काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सिटी डेलिगेसी स्थित कलासूत्र आर्ट स्टूडियो एंड गैलरी में सोमवार को ‘जॉय ऑफ फ्रीडम’ फोटोग्राफी प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शनी में बीएचयू के विद्यार्थियों ने फोटोग्राफी के माध्यम से आजादी को अपने-अपने नजरिए से प्रस्तुत किया है।


प्रदर्शनी के लिए 130 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 65 विद्यार्थियों की तस्वीरों का चयन किया गया। प्रदर्शित तस्वीरों में आजादी के साथ भारतीय जीवन, संस्कृति, प्रकृति, समाज और मानवीय संवेदनाओं के विविध पहलुओं को रचनात्मक ढंग से उकेरा गया है। तस्वीरें आजादी को देखने और समझने के अलग-अलग दृष्टिकोण प्रस्तुत करती हैं।


प्रदर्शनी में पूर्व में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के 10 सर्वश्रेष्ठ चयनित चित्रों को भी प्रदर्शित किया गया है। इन चित्रों में स्वतंत्रता की भावना और विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति के विभिन्न रंग देखने को मिलते हैं।


प्रदर्शनी का उद्घाटन बीएचयू के दृश्य कला संकाय की संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी की थीम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की रचनात्मकता की प्रशंसा की। प्रसिद्ध फोटोग्राफर मनीष खत्री मुख्य अतिथि और छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।


ALSO READ : भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल का काशी में भव्य स्वागत, बाबा विश्वनाथ का लिया आशीर्वाद


इस दौरान अतिथियों ने प्रदर्शित तस्वीरों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। प्रो. रंजन कुमार सिंह और मनीष खत्री ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाने वाली सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की। डॉ. सुनील चौधरी और डॉ. (मेजर) रुबीर समेत अन्य निर्णायकों ने फोटोग्राफ का मूल्यांकन किया।


सिटी डेलिगेसीज के वार्डन प्रो. ललित मोहन अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का समन्वय नॉर्थ डेलिगेसी, सिटी डेलिगेसीज के वार्डन डॉ. आशीष कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी और कला प्रेमी मौजूद रहे।


‘जॉय ऑफ फ्रीडम’ प्रदर्शनी 24 से 31 अगस्त 2026 तक आयोजित की जा रही है। दर्शक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कलासूत्र आर्ट स्टूडियो एंड गैलरी में प्रदर्शनी देख सकते हैं।

ऐढ़े में बनेगा आधुनिक पशु अस्पताल, खुशहाल नगर में बुजुर्गों के लिए बनेगी इंटरलॉकिंग सड़क
ऐढ़े में बनेगा आधुनिक पशु अस्पताल, खुशहाल नगर में बुजुर्गों के लिए बनेगी इंटरलॉकिंग सड़क
वाराणसी. नगर निगम क्षेत्र में पशु कल्याण और विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार को ऐढ़े स्थित गौशाला और खुशहाल नगर के पीछे निर्माणाधीन सीनियर केयर सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को पशुओं की चिकित्सा व्यवस्था बेहतर करने के साथ निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।ऐढ़े गौशाला में वर्तमान में कच्चे शेल्टर में संचालित पशु चिकित्सा व्यवस्था को आधुनिक पशु अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। नगर आयुक्त ने इसके लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा। अस्पताल में आम नागरिकों को अपने पालतू पशुओं के इलाज की सुविधा भी मिल सकेगी। उन्होंने पशुओं के उपचार संबंधी सभी कार्य पशु कल्याण अधिकारी की निगरानी में कराने के निर्देश दिए।गौशाला में गर्मी से पशुओं को राहत देने के लिए टीन शेड के नीचे पर्याप्त संख्या में पंखे लगाने, बाउंड्रीवॉल के किनारे पौधरोपण करने और प्रवेश द्वार स्थित गार्ड रूम के पास खाली भूमि पर इंटरलॉकिंग कराने को कहा गया। पशुओं के आवागमन के लिए मैजिक वाहन उपलब्ध कराने तथा परिसर में इंटरलॉकिंग और ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।ALSO READ : नरहरि जयंती पर स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान ने किया निःशुल्क फलाहारी प्रसाद वितरणइसके बाद नगर आयुक्त ने खुशहाल नगर के पीछे निर्माणाधीन सीनियर केयर सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर तक पहुंचने वाले मार्ग को सुगम बनाने के लिए 15वें वित्त आयोग से तत्काल इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने की हिदायत दी।निरीक्षण के दौरान पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विजय अमृत राज, सहायक अभियंता, अवर अभियंता (सिविल) समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नरहरि जयंती पर स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान ने किया निःशुल्क फलाहारी प्रसाद वितरण
नरहरि जयंती पर स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान ने किया निःशुल्क फलाहारी प्रसाद वितरण
वाराणसी. संत शिरोमणि नरहरि जी के जन्मोत्सव के अवसर पर सोमवार को स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान के महिला प्रकोष्ठ की ओर से निःशुल्क फलाहारी प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। गोविंदपुरा मोड़ चौराहे पर हुए आयोजन में श्रद्धालुओं, राहगीरों और स्थानीय लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया।फलाहारी प्रसाद में साबूदाना, आलू, फल और अन्य व्रत सामग्री शामिल रही। आयोजन के दौरान लोगों को प्रसाद वितरित करने के साथ संत नरहरि महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। सेवा कार्य में महिला प्रकोष्ठ के सदस्यों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ सेवा भावना भी देखने को मिली।ALSO READ : लंबित प्रवेश प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग को लेकर छात्रों ने बीएचयू प्रशासन को सौंपा ज्ञापनकार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सरिता सर्राफ माधवी मिश्रा, शिखा शर्मा, प्रेमासेठ, सुनीता सोनी, कनक वर्मा, संगीता, सुनीता, विभा किरण वर्मा, सुनीता बेबी, श्रवण सेठ, विशाल सेठ, अरविंद सेठ, रवि सर्राफ, ईश्वर चंद वर्मा, कमल सेठ, विष्णुदयाल सेठ, रॉनिक वर्मा, आनंद वर्मा, संजय सर्राफ, सुनील सेठ, मनु सेठ, तन्नू सेठ और विवेक समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
लंबित प्रवेश प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग को लेकर छात्रों ने बीएचयू प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
लंबित प्रवेश प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग को लेकर छात्रों ने बीएचयू प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी. काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के छात्रों ने पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया में हो रहे विलंब को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने सत्र 2025-26 के कई पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की प्रवेश एवं काउंसलिंग प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं होने पर चिंता जताई। उनका कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया लंबित होने से विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है।छात्रों ने कुलसचिव को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि सत्र 2025-26 की लंबित प्रवेश और काउंसलिंग प्रक्रिया तत्काल पूरी कर इसकी आधिकारिक सूचना जारी की जाए। साथ ही सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया भी बिना विलंब समयबद्ध तरीके से शुरू करने की मांग की गई।छात्रों ने नियमित पाठ्यक्रमों की तर्ज पर पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में बीएचयू से परास्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थियों को वरीयता देने और उनके लिए सीटें आरक्षित करने की भी मांग रखी।ALSO READ : जॉय ऑफ फ्रीडम’ प्रदर्शनी में तस्वीरों में दिखे आजादी के विविध रंगज्ञापन प्राप्त करने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। प्रशासन की ओर से छात्रहित को ध्यान में रखते हुए मामले का शीघ्र और सकारात्मक निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया।छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि निर्धारित समयसीमा में प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो वे आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में आशुतोष कुमार शुक्ला, अमन मौर्या, विभांशु, अविनाश, चंदू, अभिषेक और आकाश सिंह शामिल रहे।