काशी विश्वनाथ धाम से गूंजा शांति का संदेश, ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की कामना

वाराणसी: अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर रविवार को काशी विश्वनाथ धाम से विश्व में शांति, सौहार्द और भाईचारे की कामना की गई। बाबा विश्वनाथ के दरबार में लोगों ने युद्ध, हिंसा और अशांति से जूझ रही दुनिया के लिए शांति की प्रार्थना की और मानवता के कल्याण का संदेश दिया।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में श्री काशी विश्वनाथ धाम में स्थापित भारत माता की प्रतिमा के समक्ष शांति प्रार्थना की गई। इस दौरान ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ का मंत्र दोहराते हुए सभी के सुखी और स्वस्थ रहने की कामना की गई।
राजेश शुक्ला ने कहा कि काशी केवल आस्था और अध्यात्म की नगरी नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को मानवता, करुणा और सहअस्तित्व का संदेश देने वाली धरती है। भारतीय संस्कृति सदैव ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रही है। आज जब दुनिया के कई हिस्से युद्ध और हिंसा की पीड़ा झेल रहे हैं, ऐसे समय में काशी से शांति और भाईचारे का संदेश और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।
उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ के धाम से यही प्रार्थना है कि दुनिया में हिंसा का अंत हो और लोगों के बीच प्रेम, करुणा तथा आपसी सद्भाव बढ़े। मानवता को टकराव के बजाय संवाद और सहअस्तित्व का रास्ता अपनाना चाहिए।
ALSO READ: कैंट विधानसभा के दो वार्डों में 225 करोड़ की विकास परियोजनाएं शुरू, सीवर-पेयजल के साथ सड़कों का होगा पुनर्निर्माण
शांति प्रार्थना में शिवानंद दीक्षित, विश्वनाथ धवन, रेखा दीक्षित, श्रीनिवास, अन्नपूर्णा देवी, विकास कुमार समेत बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। श्रद्धालुओं और नागरिकों ने विश्व शांति तथा सभी के कल्याण की कामना की।



