ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी : ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर 5.10 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर आए लिंक के बाद भुक्तभोगी ने ट्रेडिंग शुरू किया था. इस संबंध में साइबर क्राइम थाने में सोमवार रात प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत के बाद 73,475 रुपये होल्ड कराए गए. शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी आशीष पाल ने पुलिस को बताया कि 8 अगस्त को दोपहर 12.30 बजे सोशल मीडिया पर एक लिंक मिला.
ठगों ने खुद को एक ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया. कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया. शुरुआत में 750 रुपये का निवेश कराया गया. इसके बाद अधिक लाभ का लालच देकर उससे बार-बार पैसे मांगे गए. 12 अगस्त तक विभिन्न डिजिटल माध्यमों से पैसे भेजे. गूगल पे, फोन पे और भारत पे जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया. कुल 510000 रुपये ठगों के खाते में चले गए. ठगी का अहसास होने पर तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई.
ALSO READ : सनबीम स्कूल वरुणा को बॉक्सिंग में मिला चैंपियनशिप का खिताब
इस पर कार्रवाई करते हुए 73475 रुपये की राशि को होल्ड कर दिया गया. इसके बाद साइबर सेल में प्रार्थना पत्र दिया. साइबर क्राइम थाना प्रभारी उदय वीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. अपराधियों की पहचान करने में जुटी है. रिकवरी के लिए प्रयास किया जा रहा है. तकनीकी सर्विलांस की मदद ली जा रही है. एसीपी साइबर अपराधी विनय द्विवेदी ने बताया कि ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर हो रही साइबर ठगी से बचने के लिए किसी भी अनजान ऐप, सोशल मीडिया टिप्स या मुनाफे के झांसे में न आएं. हमेशा सेबी से पंजीकृत ब्रोकर का ही उपयोग करें और ठगी होने पर तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें.



