चंदासी कोल मार्केट में लायंस क्लब डायमंड का भंडारा, हजारों ने ग्रहण किया प्रसाद

चंदासी: सावन के पावन सोमवार के अवसर पर चंदासी स्थित कोल मार्केट में लायंस क्लब डायमंड की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, इस दौरान कांवड़ यात्रियों, कोल मार्केट के श्रमिकों और आसपास के जरूरतमंद लोगों सहित 4,000 से अधिक लोगों को भोजन कराया गया.
भंडारे में बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री और मेहनतकश श्रमिक पहुंचे, क्लब के सदस्यों ने श्रद्धालुओं और श्रमिकों को भोजन परोसकर सेवा और सहयोग का संदेश दिया. आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला.
लायंस क्लब डायमंड ने इस सेवा कार्य के लिए चंदासी कोल मार्केट के सम्मानित सदस्य एलएन विवेक मित्तल का आभार जताया. क्लब के अनुसार, भंडारे का उद्देश्य केवल लोगों को भोजन कराना नहीं, बल्कि कांवड़ यात्रियों और मेहनतकश लोगों के प्रति स्नेह, सम्मान और करुणा का भाव प्रकट करना था.
क्लब ने बताया कि इस वर्ष उसकी थीम ‘तेजस’ है, जिसका अर्थ भीतर के प्रकाश, ऊर्जा और सकारात्मक शक्ति से है, भंडारे के माध्यम से इसी भावना को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया.
ALSO READ: तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस पर 74 मामले आए, 03 का मौके पर निस्तारण
लायंस क्लब डायमंड के सदस्यों ने कहा कि सेवा का प्रत्येक कार्य समाज में मानवता, उम्मीद और अपनापन बढ़ाता है, क्लब ने भविष्य में भी इसी तरह सेवा कार्यों को जारी रखने और जरूरतमंदों की मदद करने का संकल्प लिया.



