15 दिन बाद खुले भगवान जगन्नाथ के कपाट, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

वाराणसी : अस्सी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में 15 दिनों के विराम के बाद मंगलवार को भक्तों के लिए कपाट खोल दिए गए.आज प्रातःकाल से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया. मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, भव्य आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया. मंदिर की परंपरा के अनुसार ज्येष्ठ पूर्णिमा पर भगवान का विशेष जलाभिषेक किया जाता है. मान्यता है कि इस अवसर पर अत्यधिक जलाभिषेक के कारण भगवान अस्वस्थ हो जाते हैं. इसके बाद उन्हें 14 दिनों तक विश्राम कराया जाता है, जिसे अनवसर काल कहा जाता है. इस दौरान मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहते हैं और भगवान को प्रतिदिन औषधीय काढ़े का भोग अर्पित किया जाता है.

स्वास्थ्य लाभ के उपरांत आषाढ़ मास की अमावस्या तिथि पर प्रातः लगभग 5 बजे भगवान ने पुनः भक्तों को दर्शन दिए. दर्शन प्रारंभ होते ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गईं. मंदिर के प्रधान पुजारी ने भगवान का सफेद वस्त्र और सफेद पुष्पों से विशेष श्रृंगार किया. इसके बाद पंचामृत से अभिषेक कर विधिवत पूजा संपन्न कराई गई. भव्य आरती के पश्चात श्रद्धालुओं में पंचामृत प्रसाद वितरित किया गया. परंपरा के अनुसार भगवान को परवल के रस का विशेष भोग भी अर्पित किया गया.
ALSO READ: कथित जमीन घोटाले पर भाजपा नेता सुरेश सिंह की सफाई, बोले- 70 बिस्सा नहीं, सिर्फ 16 बिस्सा जमीन खरीदी
निकलेगी डोली, तीन दिनों तक चलेगा रथयात्रा महोत्सव
मंदिर प्रशासन के अनुसार बुधवार को भगवान की पारंपरिक डोली यात्रा निकाली जाएगी. इसके बाद 16 से 18 जुलाई तक आयोजित होने वाले रथयात्रा महोत्सव में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे. भगवान के दर्शन पुनः प्रारंभ होने के साथ ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है. आगामी रथयात्रा महोत्सव को लेकर मंदिर प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.



