रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब की खेप पकड़ी..

वाराणसी : रामनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल ट्रक और स्कॉर्पियो कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरियाणा के पानीपत से वाराणसी के रास्ते बिहार ले जाई जा रही अवैध शराब की खेप नेशनल हाईवे-19 से गुजरने वाली है। सूचना पर रामनगर पुलिस ने डुंडेराज पुलिया के पास बैरिकेडिंग कर संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक से 102 पेटियों में कुल 5,216 शीशियां यानी 938.88 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक के साथ एस्कॉर्ट कर रही स्कॉर्पियो कार को भी कब्जे में ले लिया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने हरियाणा और गाजियाबाद के रहने वाले तीन आरोपियों—विनोद, सोमवीर जोगी और मिथुन मित्तल—को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ रामनगर थाने में बीएनएस और आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुटी है।
ALSO READ :27 किलो चांदी टप्पेबाजी के बाद पुलिस अलर्ट, एसीपी ने सर्राफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा...
गोविंदपुरा सर्राफा बाजार में 16 जुलाई को 27 किलो चांदी की टप्पेबाजी की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन की मांग पर ठठेरी बाजार, सुड़िया, रेशम कटरा, मच्छरहट्टा फाटक और गोविंदपुरा सर्राफा बाजार का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थानों का जायजा लेते हुए चौक थाना प्रभारी को प्रमुख स्थानों पर पिकेट ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसीपी ने सर्राफा व्यापारियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याएं सुनीं और पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री रवि सर्राफ के प्रतिष्ठान पर हुई बैठक में एसीपी ने कहा कि 16 जुलाई को हुई 27 किलो चांदी की टप्पेबाजी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं और प्रयास है कि सोमवार तक मामले का पर्दाफाश कर दिया जाए।



