सिगरा के 'द वाइब बार' में मारपीट के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन युवक गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी...

वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट बाजार के निकट द वाइब बार में बीती रात हुई मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/135/126 के तहत विधिक कार्रवाई की है. पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी जल्द कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और पहचान के आधार पर तीन आरोपितों को चिन्हित किया गया. गिरफ्तार किए गए युवकों में वैभव जायसवाल (20 वर्ष) पुत्र सुभाष जायसवाल, निवासी हैबीपुरा, थाना चेतगंज; शाहिद खान (20 वर्ष) पुत्र शमसुद्दीन, निवासी शिवपुर, थाना शिवपुर; तथा समीर कुमार (20 वर्ष) पुत्र अरविंद कुमार, निवासी दयानगर, थाना सिगरा शामिल हैं.
also read:आनंद क्रिकेट अकादमी का 27वां स्थापन दिवस मना, विशिष्टजनों को किया गया सम्मानित
सिगरा पुलिस ने बताया कि मारपीट की घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है. नाम और पता सत्यापित होने के बाद उनके विरुद्ध भी नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था भंग करने और मारपीट जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.



