मनीष हत्याकांड के दो आरोपी हुए पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली

Two accused in Manish murder case injured in police encounter, shot in leg
वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा घमहापुर निवासी युवा उद्यमी मनीष सिंह की हत्या में फरार चल रहे 50-50 हजार रुपये के इनामी मनीष और आशीष राजभर सोमवार की रात पुलिस मुठभेड में घायल हो गए. दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी है. दोनों आरोपी सगे भाई हैं और उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया. आरोपियों के पास से .315 बोर का दो तमंचा और चार कारतूस बरामद हुए. मनीष की हत्या के आठ दिन बाद पुलिस ने मुठभेड़ में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश जारी है. पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मुठभेड़ के बारे में पुलिस टीम से जानकारी ली.

हत्या और मॉब लीचिंग में वांछित
डीसीपी गोमती नीतू कात्यायन ने बताया कि हत्या और मॉब लीचिंग में वांछित घमहापुर भरथरा निवासी मनीष और आशीष पर 50 -50 हजार का इनाम था. एसओजी प्रभारी गौरव सिंह को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि मनीष और आशीष दोनों फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिराव खरका गांव के पास बंद पड़े ईंट भट्ठे पर छिपे हैं. फूलपुर थाने की फोर्स के साथ एसओजी ने घेराबंदी की. खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी फायरिंग में गोली लगते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े. दोनों को दाहिने पैर में गोली लगी. पुलिस ने आरोपियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया. डीसीपी ने बताया कि 50-50 हजार इनामी तीन अन्य आरोपियों दीपक राजभर, गोविंद राजभर, नागेंद्र राजभर की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है.
c
Also Read: दिल्ली-NCR में बारिश का येलो अलर्ट जारी, अगले 7 दिनों तक रहेंगे गर्मी के तेवर नरम
बता दें कि फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर में 26 अप्रैल की रात कार सवार युवा उद्यमी मनीष सिंह की कार से घर के पास ही बर्तन धो रही बिंदू देवी को धक्का लग गया था. आक्रोशित मनबढ़ों ने ईंट-पत्थर से पीट-पीटकर मनीष की हत्या कर दी थी. 9 आरोपियों को पहले पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है. मनीष व आशीष की गिरफ्तारी के बाद 11 आरोपी गिरफ्तार हुए.
पत्नी और परिजनों की फुल एनकाउंटर की थी मांग
मनीष की पीड़ित पत्नी अंकिता सिंह ने पुलिस और तमाम जनप्रतिनिधियों से मांग की थी कि आरोपियों का फुल एनकाउंटर होना चाहिए. पुलिस ने मुठभेड़ में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. उद्यमी की हत्या के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है. गांव में पुलिस की तैनाती की गई है. वारदात के बाद से सियासी हलचल बढ गई थी. तमाम जनप्रतिनिधियों ने घमहापुर का दौरा कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.




