चौबेपुर में विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान,नाली में खलनायक का शव मिलने से सनसनी; पहुंची पुलिस....

वाराणसी : चौबेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी. क्षेत्र के नरायनपुर गांव में दो बच्चों की मां ने घर में पंखे की कुंडी से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय घर में उसकी सास और ननद मौजूद थीं. वहीं मोलनापुर गांव में नाली में 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है.
नरायनपुर गांव निवासी ठेकेदार जयश्री चौहान के बेटे विकास की पत्नी पूजा (25) ने शनिवार सुबह घर में फंदा लगा लिया. घटना की जानकारी होने पर मायके वालों को सूचित किया गया. मायके वालों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पूजा का मायका गाजीपुर जिले के रामपुर सिधौना गांव में है. उसकी शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी. दो वर्ष पूर्व उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था. घटना के समय घर में सास और ननद मौजूद थीं. पूजा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है.
दूसरी ओर क्षेत्र के मोलनापुर गांव के बाहर शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ युवक का शव नाली में पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया. शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान मोलनापुर निवासी जयप्रकाश गौड़ उर्फ खलनायक (40) के रूप में हुई है.
ग्रामीणों के अनुसार, जयप्रकाश नशे का आदी था और अक्सर नशे की हालत में रहता था. बताया गया कि शुक्रवार देर शाम करीब आठ बजे वह घर से निकला था. चर्चा है कि पहले उसने गांव की एक दुकान से सुर्ती खरीदी और इसके बाद देशी शराब की दुकान पर गया. इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा. परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. शनिवार सुबह गांव के बाहर नाली में उसका शव पड़ा मिला.
ALS0 READ:बरेका में वित्तीय प्रबंधन और साइबर सुरक्षा पर कार्यशाला, कर्मचारियों को किया जागरूक
पुलिस ने शव को नाली से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई. बताया गया कि जयप्रकाश चार भाइयों में से एक था. उसके दो बेटे हैं. बड़ा बेटा लकी (13) और छोटा अंश (8) है. उसकी पत्नी चंदा देवी बनारस में रहती हैं. प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जयप्रकाश शराब के नशे में नाली की पक्की पुलिया में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई. उसके पास से शराब की शीशी भी बरामद हुई है. हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.



