बरेका में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 41 लोगों ने किया रक्तदान

वाराणसी : बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केंद्रीय चिकित्सालय द्वारा शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय के सहयोग से केंद्रीय चिकित्सालय के सेमिनार हॉल में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों सहित कुल 41 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया.
शिविर का शुभारंभ प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया, इस अवसर पर प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

रक्तदान शिविर का पहला रक्तदान कर्मचारी परिषद के सदस्य अमित कुमार ने किया, इसके बाद मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (यांत्रिक-II) ऋतुराज, उप मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (इंजन) पंकज सक्सेना समेत कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने रक्तदान कर दूसरों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया, शिविर की विशेष उपलब्धि टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर के लगभग 10 एक्ट अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं की भागीदारी रही, जिन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया.
शिविर के दौरान रक्तदान के महत्व, नियमित रक्तदान से होने वाले स्वास्थ्य लाभ तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया.

प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवाओं में से एक है, उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की.
शिविर के सफल संचालन में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार मौर्य, नर्सिंग स्टाफ तथा शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय के ब्लड बैंक प्रभारी जितेंद्र पटेल और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
ALSO READ : अनुसंधान नैतिकता पर सख्त हुआ बीएचयू, निगरानी तंत्र विकसित करने के लिए गठित की उच्चस्तरीय समिति
शिविर में कई प्रेरक उदाहरण भी देखने को मिले, केंद्रीय चिकित्सालय के कर्मचारी नंदलाल सिंह यादव ने तीसरी बार रक्तदान किया, जबकि भंडार विभाग के सुधीर कुमार ने 33वीं बार रक्तदान कर दूसरों के लिए मिसाल पेश की, अंत में जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने सभी सहयोगियों, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनहितकारी अभियान समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को और सशक्त बनाते हैं.



