अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परवार में मातम

वाराणसी : बड़ागांव थाना क्षेत्र के सातोमहुआ स्थित धन्वंतरि हॉस्पिटल के पास शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. लोगों का कहना था कि यदि हेलमेट लगाया होता तो शायद युवक की जान बच जाती.
पुलिस के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र के कुआर बाजार निवासी विवेक जायसवाल (35) पुत्र रतन लाल जायसवाल देर रात बाइक से बाबतपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सातोमहुआ के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि विवेक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी. सूचना के बाद हरहुआ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक केके वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. बड़ागांव थाना पुलिस ने घायल को तत्काल हरहुआ पीएसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ALSO READ: कैंट स्टेशन के आसपास अवैध धंधा करने वाली महिलाओं पर कसा शिकंजा, शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस ने मृतक की पहचान विवेक जायसवाल निवासी कुआर बाजार, थाना फूलपुर के रूप में की. घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिवार में मातम पसर गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक कब्जे में लिया है. बाइक के पीछे हेलमेट लटका मिला, जिससे संभावना जताई जा रही है कि हादसे के समय युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
बड़ागांव थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही है, ताकि वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा.



