वाराणसी में स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में कोहराम...

वाराणसी : जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र में कटहरगंज चौराहे के पास आज मंगलवार की सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित घटनास्थल से फरार हो गया. मृत युवक की पहचान उधोरामपुर महादेव ग्राम सभा निवासी काशी नाथ यादव (पुत्र स्वर्गीय केदार यादव) के रूप में हुई है. हादसे की खबर लगते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया.
जानकारी के अनुसार, काशी नाथ अपनी स्पलेंडर बाइक से उधोरामपुर से वाराणसी स्थित अपने आवास जा रहे थे. सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच कटहरगंज चौराहे के पास सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि काशी नाथ यादव की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. हादसे के बाद चालक बिना रुके वाहन सहित फरार हो गया. हालांकि, टक्कर के दौरान स्कॉर्पियो की नंबर प्लेट मौके पर ही टूटकर गिर गई, जिससे वाहन की पहचान सुनिश्चित हो गई है.
ALSO READ : दालमंडी ध्वस्तीकरण के बीच चार मस्जिदों की रजिस्ट्री, कार्रवाई की जद में 181 भवन...
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने घटनास्थल से बरामद नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.



