वाराणसी एयरपोर्ट को रेलमार्ग से जोड़ने का सांसद ने दिया प्रस्ताव, पीएम और रेलमंत्री को लिखा पत्र

वाराणसी: मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव दिया है. वही इस बाबत एयरपोर्ट निदेशक ने कैंट स्टेशन से एयरपोर्ट तक लोकल ट्रेन चलाने का सुझाव भी रेलवे मुख्यालय को भेजा है. इस कदम से यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी.

जाने पूरा मामला
दरअसल, काशी में पर्यटकों को रुझान तेज हुआ है. लाखों देशी विदेशी पर्यटक यहां आते हैं. लाल बहादुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर से प्रतिदिन लगभग 90 विमानों का संचालन होता है, जिससे करीब 12 हजार यात्रियों का आवागमन नियमित होता है. विमानों की संख्या में वृद्धि के कारण यात्रियों की संख्या में भी लगातार इजाफा भी हो रहा है. आने वाले कुछ वर्षों में रनवे की लंबाई बढ़ने पर यह संख्या दो गुना बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है. वर्तमान में एयरपोर्ट का विस्तारीकरण कार्य चल रहा है, जिसमें मल्टी लेवल पार्किंग, आठ एरोब्रिज के साथ ही लगभग पांच हजार यात्री क्षमता का नया टर्मिनल भवन और रनवे के नीचे टनल का निर्माण शामिल है.

रेल मार्ग से जोड़ने का प्रस्ताव
एयरपोर्ट को रेल मार्ग से जोड़ने का प्रस्ताव इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. एयरपोर्ट से मुख्य रेलवे स्टेशन तक लोकल ट्रेन चलाने से न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि आवागमन में भी सहूलियत होगी. एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने इस बाबत बताया कि उन्होंने क्षेत्रीय सांसद और हवाई अड्डा सलाहकार समिति की चेयरमैन से इस विषय पर चर्चा की थी. उनका मानना है कि यदि बाबतपुर स्टेशन से वाराणसी के बीच कोई लोकल ट्रेन चलाई जाए, तो यात्रियों को काफी सुविधा होगी. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में अभी तक रेल मंत्रालय में कोई औपचारिक प्रस्ताव नहीं भेजा गया है.
वहीं मछलीशहर की सांसद और हवाईअड्डा सलाहकार समिति की अध्यक्ष प्रिया सरोज ने भी इस मुद्दे पर सक्रियता दिखाई है. उन्होंने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को पत्र लिखकर बाबतपुर स्टेशन से कैंट के बीच चार कोच की शटल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिया है. प्रिया सरोज ने बताया कि उन्होंने रेल मंत्री से भी इस विषय पर चर्चा की है. उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट से वाराणसी शहर का एकमात्र प्रवेश मार्ग है, जिस पर अक्सर जाम की समस्या रहती है. वाराणसी में पर्यटकों और यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में वैकल्पिक मार्ग और रेल सुविधा से विमान यात्रियों को जोड़ने से काफी सहूलियत होगी.
![]()
यह भी पढ़ें: वाराणसी में इफ्तार के बाद अब गंगा में शराब पार्टी, वीडियो वायरल
इस प्रस्ताव के लागू होने से एयरपोर्ट पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय विमानों की संख्या में वृद्धि होने पर भी जाम की संभावना नहीं होगी. वर्तमान में एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए केवल सड़क मार्ग का ही उपयोग किया जाता है, जिसमें ऑटो, ई-रिक्शा, बस आदि का सहारा लिया जाता है. सड़क पर जाम के कारण कई बार यात्रियों को समय अधिक लग जाता है, जिससे वे अपने विमानों से छूट जाते हैं. इस समस्या को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट को रेल मार्ग से जोड़ने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है.



