पकड़ा गया डिलिवरी बॉय की जान लेने वाला नगर निगम का डंपर, चालक गिरफ्तार

गांडीव इंपैक्ट
वाराणसी : गांडीव डिजिटल पर खबर चलने के बाद सिगरा पुलिस सक्रिय हुई. ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉय साहिल की जान लेने वाले नगर निगम के डंपर को पकड़ लिया. उसके चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है. डंपर नगर आयुक्त के नाम पर रजिस्टर्ड है.
सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र के अनुसार डिलिवरी करने बाइक से जा रहे साहिल की सोमवार की देर रात मौलवीबाग रोड पर यथार्थ होटल के सामने अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौते हो गई थी. इस मामले में साहिल के बड़े पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया. होटल में लगे कैमरों की फुटेज देखने पर पुलिस को दुर्घटना करने वाले वाहन के बारे में जानकारी मिली. यह वाहन संख्या यूपी 65 DT 3329 नगर निगम का डंपर था. इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया. पुलिस को जानकारी मिली कि दुर्घटना के दौरान डंपर को माधोपुर महमूरगंज निवासी चालक मनीष चौहान चला रहा था. पुलिस को उसे भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार वह पिछले आठ वर्षों से नगर निगम आउटसोर्सिंग पर गाड़ी चला रहा है. घटना को लेकर साहिल के परिजन व सहकर्मी देर तक सिगरा थाने पर जमा रहे. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था.
ALSO READ : जिंदगी की जद्दोजहद में चंद रुपयों के लिए हर रोज जान जोखिम में डाल रहे डिलिवरी बॉय...
नगर आयुक्त के नाम पर रजिस्टर्ड है वाहन
सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के अनुसार जिस डंपर से दुर्घटना हुई वह नगर आयुक्त के नाम पर रजिस्टर्ड है.
कंपनी ने किया आर्थिक सहायता वादा
साहिल ब्लिंकिट के लिए डिलिवरी बॉय का काम करता था. डिलिवरी के दौरान सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. इसे लेकर कंपनी की ओर से उसे दस लाख रुपये आर्थिक सहायता का वादा किया है. प्रारंभिक तौर पर 20 हजार प्रदान भी किया. कंपनी ने परिवार को दिलासा दिया है कि हर तरह से मदद करेगी.



