भारी बारिश के बीच नगर निगम अलर्ट, अंधरापुल पहुंचे नगर आयुक्त; जल निकासी के लिए अफसरों को दिए निर्देश.

वाराणसी: शहर में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बारिश के दौरान निचले और संवेदनशील इलाकों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। मंगलवार को जैसे ही विभिन्न क्षेत्रों से जलजमाव की सूचना मिली, निगम के जेई, एई, एक्सईएन और स्वास्थ्य निरीक्षक स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जल निकासी का काम शुरू कराया।
महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर निगम की टीमें पंप और सफाई कर्मचारियों की मदद से प्रभावित इलाकों में पानी निकालने में जुटी रहीं। कई स्थानों पर बारिश के कारण थोड़ी देर के लिए पानी जमा हुआ, लेकिन टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जल निकासी कराई, जिससे लोगों को राहत मिली।

इसी क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मंगलवार को अंधरापुल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित जेई, एई एवं एक्सईएन को तत्काल जल निकासी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान कहीं भी जलजमाव की सूचना मिलने पर बिना देरी किए टीम को मौके पर भेजकर पानी की निकासी कराई जाए।
ALSO READ : खुले मैनहोल के कारण पलटा टोटो, दो लोग घायल
नगर निगम की टीमों की सक्रियता का असर शहर के कई इलाकों में देखने को मिला। जलजमाव वाले स्थानों पर पंप लगाकर पानी निकाला गया और सफाई कर्मचारियों की मदद से नालियों एवं जल निकासी मार्गों को सुचारु कराया गया। निगम अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने बारिश के बीच नगर निगम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। लोगों का कहना है कि भारी बारिश के बावजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने तथा तत्काल जल निकासी कराने से काफी राहत मिली है।
नगर निगम प्रशासन ने कहा है कि बारिश के मौसम में जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुस्तैद रहने और जलजमाव की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।



