बारिश के बीच नगर निगम अलर्ट, जलभराव और गिरे पेड़ों पर त्वरित कार्रवाई

वाराणसी। शहर में रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड में है। बारिश के चलते जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम की टीमें लगातार सड़कों और सीवर चैंबरों की सफाई में जुटी हैं। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
नगर निगम कर्मियों द्वारा गली पिट और सीवर चैंबरों में जमा प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा और अन्य अवरोधों को हटाया जा रहा है, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारु बनी रहे। निगम का दावा है कि इस सक्रियता के चलते शहर के अधिकांश निचले और प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति को नियंत्रित रखा गया है।
वहीं, बारिश के दौरान कई इलाकों में पेड़ और डालियां गिरने की शिकायतें भी सामने आईं। नगर निगम की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पेड़ों और उनकी कटी हुई डालियों को हटाने का काम किया। कमिश्नर आवास पर गिरे पेड़ को काटकर हटाया गया। इसके अलावा सुंदरपुर रोड, भिखारीपुर और मैदागिन चौराहे से भी पेड़ों की कटी हुई डालियों को हटाया गया।
ALSO READ:राष्ट्रीय खेल दिवस पर BHU के शिक्षा संकाय में खेल गतिविधियो का आयोजन....
सिगरा स्थित बंशीधर अपार्टमेंट के पास भी गिरे पेड़ की कटिंग हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, बारिश के दौरान आने वाली शिकायतों पर टीमें लगातार नजर बनाए हुए हैं।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में जलभराव, पेड़ गिरने या अन्य बारिश से जुड़ी शिकायत मिलने पर उसका तत्काल संज्ञान लेकर बिना देरी के निस्तारण कराया जाए। निगम प्रशासन का दावा है कि बारिश के दौरान जल निकासी और आपदा प्रबंधन को लेकर टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी।



