कांवड़ मार्ग पर खुली मीट दुकानों पर नगर निगम की कार्रवाई, 24,500 रुपये जुर्माना वसूला...

वाराणसी. सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने कांवड़ मार्गों पर खुलेआम संचालित मांस, मछली और मुर्गा की दुकानों के खिलाफ गुरुवार को सघन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान प्रतिबंध के बावजूद खुली मिली तीन दुकानों को तत्काल बंद कराया गया और विभिन्न उल्लंघनों में कुल 24,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने भोजूबीर, शिवपुर और अंधरापुल समेत कई क्षेत्रों में जांच की। भोजूबीर में अवैध रूप से मीट बेचने पर एक दुकानदार से 5,000 रुपये, जबकि शिवपुर में नियमों के उल्लंघन पर 4,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
ALSO READ : हाउस टैक्स पर छूट की मियाद का आखिरी दिन, 1.48 लाख करदाता अब तक वंचित...
सबसे बड़ी कार्रवाई अंधरापुल क्षेत्र में हुई, जहां सावन में मीट बिक्री, प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग और गंदगी फैलाने पर एक दुकानदार पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर एक अन्य दुकानदार से 5,000 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा और पूरे सावन माह के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभियान के दौरान शहर की अधिकांश मांस और मछली की दुकानें बंद पाई गईं



