नाबालिग बच्चे पर कुत्ते के हमले के मामले में छात्रों की कुलसचिव से वार्ता सकारात्मक

वाराणसी : काशी हिन्दू विश्वविद्यालय परिसर में नाबालिग बच्चे पर पालतू कुत्ते के गंभीर हमले के मामले को लेकर छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव से वार्ता की, वार्ता सकारात्मक एवं आश्वासनपूर्ण वातावरण में हुई. छात्रों ने घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग रखी.
छात्रों ने कहा कि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय संवेदनशीलता, मानवीयता और जिम्मेदारी का प्रतिनिधित्व करता है, न कि हिन्दी विभाग की अध्यक्ष - प्रोफेसर की कथित झूठी बयानबाजी या संवेदनहीनता का। प्रतिनिधिमंडल ने सामूहिक रूप से घटना और उसके बाद सामने आए कथित असंवेदनशील रवैये पर शर्मिंदगी व्यक्त की तथा पीड़ित बच्चे के साथ न्याय की मांग की.

छात्रों की प्रमुख मांगें—
पालतू कुत्ते की अनुमति की जांच: प्रोफेसर के कुत्ते को परिसर में रखने की अनुमति/लाइसेंस तथा उसकी शर्तों की जानकारी सार्वजनिक की जाए.
नियम उल्लंघन पर कार्रवाई: अनुमति नहीं होने या सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाए.
निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच: घटना की स्वतंत्र जांच हो, CCTV सहित सभी साक्ष्य सुरक्षित करते हुए सार्वजनिक हो, जांच शीघ्र पूरी की जाए.
जवाबदेही सुनिश्चित हो: पीड़ित बच्चे और परिवार से सार्वजनिक माफी तथा जांच में दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई हो.
स्पष्ट सुरक्षा नीति बने: परिसर में पालतू कुत्तों के पंजीकरण, अनुमति, नियंत्रण और सार्वजनिक आवाजाही के लिए बाध्यकारी नियम बनाए जाएं.
ALSO READ :संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा के कार्यकाल तीन वर्ष बढ़ा, जताया आभार
छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध प्रतिशोध नहीं, बल्कि एक नाबालिग बच्चे के न्याय, परिसर की सुरक्षा और विश्वविद्यालय की मानवीय गरिमा की रक्षा के लिए है, प्रोफेसर की रसूख से नियमानुसार कार्रवाई प्रभावित न हों, इस सन्दर्भ में गहरी आशंका को भी छात्रों ने प्रमुखता से रखा .
प्रतिनिधिमंडल में शोध छात्र राणा रोहित, शिव शक्ति, मुरारी, गुलशन, निशांत, अश्विनी, अनुराग, आशुतोष एवं अतुल सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे,
छात्रों ने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय प्रशासन वार्ता में व्यक्त आश्वासनों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई करेगा.



