दशाश्वमेध घाट पर एनडीआरएफ का जागरूकता अभियान, आपदा प्रबंधन के गुर सिखाए

वाराणसी : एनडीआरएफद्वारा काशी के प्राचीनतम, धार्मिक एवं सांस्कृतिक रूप से प्रतिष्ठित दशाश्वमेध घाट पर एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में एक सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराना तथा दुर्घटना के समय उपयोगी विभिन्न जीवन रक्षक तकनीकों एवं कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान करना था, ताकि एक जागरूक एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके और आपदाओं से होने वाली क्षति को न्यूनतम स्तर तक लाया जा सके.

कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में सर्वाधिक प्रभावित स्थानीय समुदाय ही होता है तथा प्रारंभिक प्रतिक्रिया भी स्थानीय जनसमुदाय द्वारा ही दी जाती है। यदि हम ऐसा समाज विकसित कर सकें, जिसमें प्रत्येक नागरिक को आपात परिस्थितियों से निपटने का आवश्यक कौशल एवं ज्ञान हो, तो आपदा से होने वाली जनहानि को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है.उन्होंने आगे कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति में जीवन रक्षक कौशल का विकास सुनिश्चित करने हेतु एनडीआरएफ निरंतर प्रयासरत है.
ALSO READ : गंगा सफाई मिशन पर सवाल: NGT की सख़्ती, वाराणसी में सीवेज और अतिक्रमण बना बड़ी चुनौती
उल्लेखनीय है कि एनडीआरएफ के बचावकर्मी वर्षभर विभिन्न प्राकृतिक एवं मानव-निर्मित आपदाओं से मुकाबला करते हुए अमूल्य मानव जीवन की रक्षा करते हैं। इसके अतिरिक्त, वे स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम, क्षमता निर्माण कार्यक्रम, सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम तथा मॉक अभ्यास जैसे विविध आयोजनों के माध्यम से समाज एवं सभी हितधारकों की क्षमता संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.



