महिला महाविद्यालय में ‘दीक्षारंभ’ के दूसरे दिन नवप्रवेशी छात्राओं को मिली विषय और सुविधाओं की जानकारी...

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के महिला महाविद्यालय में नवप्रवेशी छात्राओं के शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन के लिए आयोजित ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न विषयों, छात्रावास नियमों और विश्वविद्यालय की कल्याणकारी सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों ने छात्राओं को विषय की बारीकियों के साथ-साथ अध्ययन, शोध और करियर की संभावनाओं से परिचित कराया।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ महिला महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रीता सिंह के स्वागत वक्तव्य से हुआ। उन्होंने नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत करते हुए शिक्षा के वास्तविक एवं व्यापक उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इसके बाद प्राचार्या ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. सीमा तिवारी, प्रो. ललिता वाटा, डॉ. अपाला शाह और प्रो. निशात अफरोज उपस्थित रहीं।
गृह विज्ञान विभाग की प्रो. ललिता वाटा ने छात्राओं को गृह विज्ञान विषय के महत्व, उसके व्यावहारिक प्रयोगों और इससे जुड़ी करियर संभावनाओं की जानकारी दी। वहीं भूगोल विभाग की प्रो. सीमा तिवारी, जो छात्रावास समन्वयक भी हैं, ने छात्राओं को छात्रावास अनुशासन, सुरक्षा और आवश्यक नियमों के बारे में बताया। उन्होंने एंटी-रैगिंग नियमों के पालन पर विशेष जोर देते हुए छात्रावास आवंटन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए।
डॉ. अपाला शाह ने भूगोल विषय के आधुनिक आयामों, अध्ययन की विभिन्न शैलियों और अनुसंधान के अवसरों के बारे में छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने विषय को व्यापक दृष्टिकोण के साथ समझने और अध्ययन के साथ शोध के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।
ALSO READ :जनता के सवालों का हिसाब मांगेगी यूथ कांग्रेस, 17 सवालों का प्रश्न-पत्र जारी
इसके अलावा प्रो. निशात अफरोज ने बीएचयू के वेल-बीइंग केंद्र की कार्यप्रणाली से छात्राओं को अवगत कराया। उन्होंने छात्राओं को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सहायता एवं परामर्श सुविधाओं का उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के प्रभारी डॉ. धीरेन्द्र नाथ चौबे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अंजलि शर्मा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी और बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्राएं मौजूद रहीं।



