पूल्ड वाहन दिवस पर 15 वाहनों से बरेका पहुंचे 60 अधिकारी, पैदल और साइकिल वाले सुर्खियों में छाए....

वाराणसी : देशहित में प्रधानमंत्री द्वारा मितव्ययता, ऊर्जा संरक्षण एवं प्रेरक कार्य संस्कृति विकसित करने की अपील का बरेका में गहरा असर नजर आया. शनिवार को आयोजित पूल्ड वाहन दिवस’ के आयोजन में 15 वाहनों 60 अधिकारी कार्यालय पहुंचे. एक दर्जन अधिकारी अपनी अपनी साइकिल से दफ्तर पहुंचे, तो बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी पैदल पहुंचकर सुर्खियां बटोरते रहे. खास बात रही कि अधिकारी नई साइकिल से पहुंचे, जिससे उनकी तैयारियों का सहज अंदाजा लगा.
बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और ईंधन की बचत को बढ़ावा देना रहा. कार्यक्रम के तहत बरेका के प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों ने कार्यालय आने-जाने के लिए साझा वाहन व्यवस्था अपनाई. कई अधिकारी एक ही वाहन में सामूहिक रूप से कार्यालय पहुंचे.
ALSO READ:एनसीसी युवाओं में राष्ट्रप्रेम और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम : कर्नल अमर सिंह...
इससे न केवल ईंधन की बचत हुई, बल्कि कार्बन उत्सर्जन कम करने का सकारात्मक संदेश भी गया. कुछ अधिकारी पैदल ही कार्यालय पहुंचे. बरेका प्रशासन की यह पहल स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरणीय जागरूकता और जिम्मेदार कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में प्रेरणादायी कदम मानी जा रही है. जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि भविष्य में भी बरेका प्रशासन द्वारा ऐसी पर्यावरण हितैषी एवं जन-जागरूकता से जुड़ी पहलों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि “हरित एवं स्वच्छ कार्य संस्कृति” को और अधिक मजबूत बनाया जा सके.

नगर आयुक्त इलेक्ट्रिक वाहन से नगर निगम पहुंचे
नगर निगम में शनिवार को नो फ्यूल डे घोषित किया गया था. आज इसका मिलाजुला असर देखने को मिला. एक तरफ नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन से नगर निगम पहुंचे. वहीं कई कर्मचारी और पार्षद पेट्रोल बाइक से कार्यालय पहुंचे. उन्होंने रुद्राक्ष के पार्किंग में अपने वाहन पार्क किए.



