घाट से विश्वनाथ गली तक छांव का इंतजाम, नगर निगम ने लगाए ग्रीन शेड...

वाराणसी: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को राहत देने के लिए नगर निगम ने विशेष पहल की है. गंगा स्नान के बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को अब चिलचिलाती धूप का सामना कम करना पड़ेगा. नगर निगम ने दशाश्वमेघ घाट से काशी विश्वनाथ गली के मोड़ तक लगभग 75 मीटर क्षेत्र में ग्रीन शेड (हरे पर्दे) लगवाए हैं.
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर किए गए इस कार्य का उद्देश्य दर्शनार्थियों को धूप से राहत प्रदान करना है. प्रतिदिन हजारों की संख्या में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु इस मार्ग से गुजरते हैं, जिन्हें अब सीधी धूप से काफी हद तक राहत मिलेगी.
इसके साथ ही नगर निगम ने शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर भी ग्रीन नेट लगाने का अभियान शुरू किया है. मलदहिया, रथयात्रा और तेलियाबाग समेत कई प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल के पास हरे पर्दे लगाए गए हैं, जिससे लाल बत्ती पर रुकने वाले दोपहिया वाहन चालक और पैदल यात्री धूप से बच सकें. नगर निगम का कहना है कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य व्यस्त चौराहों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा.
also read:वाराणसी में सरकारी भूमि पर कब्जे का आरोप, अवैध प्लाटिंग को लेकर जांच की मांग...
17 स्थानों पर वाटर कूलर, 22 जगह प्याऊ गर्मी से राहत देने के लिए नगर निगम ने शहर के विभिन्न इलाकों में 17 स्थानों पर आधुनिक वाटर कूलर और 22 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था भी की है. इससे राहगीरों और श्रद्धालुओं को आसानी से ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा.
नगर निगम की इस पहल को गर्मी के मौसम में जनसुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि इससे भीषण गर्मी के दौरान काफी राहत मिलेगी.



