वाराणसी में युवा कांग्रेस का हल्लाबोल, महानगर अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता गिरफ्तार...

वाराणसी : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को महानगर युवा कांग्रेस ने वाराणसी में जोरदार प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफे की मांग और नेता प्रतिपक्ष को हिरासत में लेने की निंदा की.
महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान महानगर अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्त में लिया.

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत युवा कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में भारतीय संविधान की प्रतियां लेकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की ओर मार्च कर रहे थे. प्रदर्शनकारी ‘संविधान बचाओ’, ‘लोकतंत्र की रक्षा करो’ और छात्रों के अधिकारों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी कर रहे थे. प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया. इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई.
ALSO READ : वाराणसी में गंगा किनारे चार बोरियों में फेंका मिला कोडीनयुक्त कफ सिरप, पुलिस जांच में जुटी...
तत्पश्चात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा, प्रदेश महासचिव अनुपम राय समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया. गिरफ्तारी के दौरान भी कार्यकर्ता लगातार सरकार विरोधी और संविधान के समर्थन में नारे लगाते रहे. हिरासत में लिए जाने के बाद महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक विरोध से घबराकर पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है. कहा “मुझे आंदोलन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस सुबह से ही मेरे घर और व्यापारिक प्रतिष्ठान की निगरानी कर रही थी. लेकिन इस तरह के दमनकारी हथकंडों से हमारा आंदोलन कमजोर नहीं होगा. युवा कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी.”
इस प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव अनुपम राय, प्रदेश सचिव सिद्धार्थ केशरी, मित्तल साहनी, मदन कन्नौजिया, अनुराग मिश्रा, आदित्य मिश्रा, आशु शर्मा, रोहित यादव और बच्चा गौड़ सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.



