बैंककर्मियों की मांग: सप्ताह में 'पांच दिन करेंगे काम' लगाये काले बैज

वाराणसी - पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर बैंककर्मी आंदोलनरत हैं. इसी क्रम में उन्होंने मंगलवार को वाराणसी में ड्यूटी के दौरान काले बैज लगाकर विरोध जताया. लंबे समय से लंबित मांग को लेकर बैंककर्मी अब आरपार की लड़ाई के मिजाज में हैं. जनवरी में राष्ट्रव्यापी हड़ताल का भी संकेत दिया गया है.

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की स्थानीय इकाई के संयोजक राकेश पाण्डेय ने बताया कि आंदोलन की शुरुआत इंडियन बैंकर्स एसोसिएशन और केंद्रीय वित्त मंत्री को देशभर के बैंककर्मियों द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपे जाने से हुई. मंगलवार को बैंककर्मियों ने माँग के समर्थन में बैज लगाकर ड्यूटी की. उन्होंने कहा कि आंदोलन के अगले चरणों में देशभर में विरोध प्रदर्शन, सोशल मीडिया पर हैशटैग अभियान और अन्य कार्यक्रम होंगे.

यदि सरकार ने माँग नहीं मानी तो बैंककर्मी हड़ताल पर जाएंगे. पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले पांच कर्मचारी व चार अधिकारी संगठन एकजुट हैं, जो लगभग सभी बैंककर्मियों का प्रतिनिधित्व करते हैं.
ALSO READ : नमो घाट पर हाइड्रोजन जलयान से टकराई नाव, परिचालन बाधित



