पंचगंगा घाट पर नहाने गए किशोर की गंगा में डूबकर मौत, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी: कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचगंगा घाट पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गंगा नदी में स्नान के दौरान एक किशोर की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान बिहार के सासाराम निवासी 16 वर्षीय सम्यक गुप्ता के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सम्यक अपने दोस्तों सागर कुमार, इसु कुमार, शुभम कुमार, वैभव मिश्रा और अदिश गुप्ता के साथ काशी आया था. उनका उद्देश्य काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने के साथ गंगा स्नान करना था.

मौके पर पहुंची पुलिस टीम
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह सम्यक अपने दोस्तों के साथ पंचगंगा घाट पर स्नान कर रहा था. इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर बढ़ गया. अनुमान है कि उसे नदी की गहराई का अंदाजा नहीं हो पाया और देखते ही देखते वह डूबने लगा. घटना को देख मौके पर मौजूद लोगों और उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी. सूचना के बाद एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की. करीब एक घंटा मशक्कत के बाद गोताखोरों ने सम्यक का शव नदी से बाहर निकाला गया.

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है. आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने घाटों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि गंगा किनारे चेतावनी संकेत लगाए जाएं, खतरनाक व गहरे स्थानों को चिन्हित किया जाएं. प्रमुख घाटों पर एनडीआरएफ और जल पुलिस की नियमित तैनाती हो.

शव मिलने से इलाके में दहशत
वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के सुजबाद गांव के पास गंगा नदी में एक साथ दो लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही रामनगर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया. सुझबाद चौकी प्रभारी प्रशांत पाण्डेय ने बताया कि फिलहाल शवों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है. पुलिस इस मामले में गहन जांच में जुटी हुई है. पुलिस ने बताया कि शवों की पहचान और मामले के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की टीम भी लगाई जाएगी.



