पिस्टल के दम पर मुफ्त पेट्रोल भरवाने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई

History-sheeter arrested for offering free petrol at gunpoint, action taken after video goes viral
वाराणसी: सिंधोरा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर पिस्टल के बल पर मुफ्त पेट्रोल भरवाने और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है.

घटना से कर्मचारियों में दहशत
जानकारी के अनुसार, गड़खड़ा स्थित वैष्णवी फ्यूल KSK पेट्रोल पंप पर 17 मई की रात करीब 2:30 बजे विवेक उर्फ गोलू अपने साथियों के साथ पहुंचा. आरोप है कि उसने कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए पिस्टल लहराई और बिना पैसे दिए पेट्रोल भरवाने लगा. जब पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने रुपये मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर कर्मचारी के माथे पर पिस्टल सटा दी और पेट्रोल पंप लूटने तक की धमकी दी. घटना से कर्मचारियों में दहशत फैल गई.

पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी
पेट्रोल पंप संचालक विशाल कुमार सोनकर ने मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की. संचालक के मुताबिक पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है. वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में टेम्प्रेचर का टॉर्चर तेज, प्रचंड गर्मी का अलर्ट
पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के निर्देश पर सिंधोरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए 19 मई को मुख्य आरोपी विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय और उसके साथी शनि सिंह को हिरासत में ले लिया. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.



